उत्तराखंड में मौसम हर पल बदल रहा है। गुरुवार को तीन दिन बाद मौसम में अचानक बदलाव हुआ तो पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड बढ़ गई। बारिश-बर्फबारी के चलते दिन का अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि रात के समय तापमान सामान्य रहा। वहीं, आज दिन की शुरुआत कड़कती धूप के साथ हुई। मौसम की बात करें तो शुक्रवार को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में पाला पड़ने और मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने से ठंड बढ़ सकती है। पर्वतीय जिलों में पाला पड़ने और हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बदरीनाथ और मलारी हाईवे बंद
गुरुवार को पहाड़ों में खूब बर्फबारी हुई। जिसके चलते बदरीनाथ, मलारी हाईवे बंद पड़ा है। औली की सड़क पर टीवी टावर से आगे बर्फ और पाला गिरने से छोटे वाहनों की आवाजाही बंद रही।